
प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए सुपर कारिडोर पर लगाई गई थी एलईडी, पुलिस कर रही चोरों की तलाश।
प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट के लिए इंदौर को सजाने के लिए लगाई गई एलईडी लाइट मंगलवार देर रात बदमाश चुरा ले गए। मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार, सुपर कारिडोर पर लगी एलईडी लाइट बदमाश चुरा ले गए। मामले में नौशाद राईन ने बताया कि सुपर कारिडोर रोड पर एलइडी लाइट लगी हुई है। रात 2 बजे इलेक्ट्रिशियन मनीष बाथम ने फोन लगाकर सूचना दी कि लवकुश चौराहा से सुपर कारिडोर ब्रिज के बीच लगी कुछ लाइट चोरी हो गई है। मौके पर जाकर देखा तो 12 लाइट गायब थी। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है। बता दें कि इस पूरे मार्ग पर पुलिस की तैनाती होने के बाद भी बदमाश लाइट चुराकर फरार हो गए।
आटो लेकर आए बदमाश, 40 से अधिक लाइट चुरा ले गए
खजराना थाना क्षेत्र में प्रवासी भारतीय सम्मेलन और ग्लोबल इंवेस्टर्स मीट के सौंदर्यीकरण के लिए लगाई गई 40 से अधिक पार लाइट चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार फरियादी अजय सिंह राठौर ने बताया कि स्टार चौराहे से एमआर-10 की और जाने वाली सड़क पर लाइट लगाई थी। लाइट मंगलवार देर रात अज्ञात बदमाश चुराकर ले गए। घटना के फुटेज भी सामने आए हैं जिसमें तीन-चार आरोपित नजर आ रहे हैं। बड़ी थैलियों में लाइट को रखा और आटो में रखकर फरार हो गए।

