
श्रद्धा वॉल्कर हत्याकांड में सबूत जुटाने के लिए दिल्ली पुलिस ने ऐड़ी चोटी का जोर लगा दिया है. इसी क्रम में दिल्ली पुलिस को अब तक जंगल से श्रद्धा के 10 बॉडी पार्ट्स बरामद हो चुके हैं. बता दें, आरोपी आफताब पूनावाला ने लिव-इन पार्टनर श्रद्धा की 18 मई 2022 में हत्या करने के बाद उसके शरीर के धारदार हथियार से 35 टुकड़े कर दिए थे. फिर उन्हें अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया.
पुलिस ने बताया कि आफताब को लेकर उन जगहों पर विजिट किया जा रहा है, जहां-जहां उसने श्रद्धा के बॉडी पार्ट्स को फेंका है. पुलिस के पास फिलहाल आफताब का कबूलनामा है, जिसकी कोर्ट में अहमियत तभी होगी जब कबूलनामे के साथ-साथ उस से जुड़े सबूत भी पुलिस के पास हों. इनमें सबसे बड़ा सबूत होगा बॉडी पार्ट्स का मिलना, जोकि पुलिस को धीरे-धीरे बरामद हो रहे हैं. पुलिस ने 35 में से 10 बॉडी पार्ट्स को बरामद कर लिया है.
बॉडी पार्ट्स की होगी DNA सैंपलिंग
सोमवार को भी पुलिस ने कुछ हड्डियां और बॉडी पार्ट्स बरामद किए थे. पुलिस ने बताया कि श्रद्धा के बॉडी पार्ट्स की DNA सैंपलिंग करवाई जाएगी, जिसके जरिए पता चल सकेगा की बॉडी के टुकड़े और बरामद हड्डियां श्रद्धा की ही हैं
श्रद्धा के मोबाइल को महाराष्ट्र में फेंका
पुलिस ने बताया कि आरोपी आफताब ने हत्या में कई और भी खुलासे किए हैं. आफताब ने बताया कि उसने हत्या के बाद श्रद्धा का मोबाइल महाराष्ट्र जाकर कहीं फेंक दिया था. जिसके बाद दिल्ली पुलिस अब श्रद्धा की आखिरी मोबाइल लोकेशन का पता लगा रही है, ताकि उसकी मदद से मोबाइल बरामद किया जा सके.

