3.30 लाख वर्गफीट में विकसित एसडीबी-2 से मध्य भारत में इंफोसिस की तकनीकी क्षमताओं और प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र को मिलेगा विस्तार

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर के सुपर कॉरिडोर स्थित इंफोसिस परिसर में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक (एसडीबी-2) का भोपाल से वीसी के माध्यम से शुभारंभ किया। इंफोसिस द्वारा सुपर कॉरिडोर, इंदौर स्थित अपने कैंपस में 3 लाख 30 हजार वर्गफीट क्षेत्र में नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक का निर्माण किया गया है। इस नए ब्लॉक के माध्यम से मध्य भारत में इंफोसिस की उपस्थिति को और मजबूती मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे प्रौद्योगिकी एवं प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति कंपनी की प्रतिबद्धता भी मजबूत होगी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मजबूत टैलेंट बेस और तेजी से विकसित हो रहे इनोवेशन इकोसिस्टम के सहयोग से इंदौर लगातार एक महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी हब के रूप में उभर रहा है। इंदौर में इंफोसिस का निवेश राज्य के कुशल युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ ही मध्यप्रदेश के टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को और मजबूत करेगा। उन्होंने राज्य के प्रति इंफोसिस की नई प्रतिबद्धता का स्वागत करते हुए टेक्नोलॉजी आधारित एवं समावेशी आर्थिक विकास में योगदान की उम्मीद व्यक्त की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर एक दौर है। वह जो भी करता है सबसे अलग और विशिष्ट करता है। इंदौर आज आर्थिक समृद्धि की राजधानी है। टेक कंपनियों की केपिटल है। यहां आईआईएम, आईआईटी और आईटी पार्क जैसे उच्च शिक्षण संस्थान है। आज इंदौर की गिनती पुणे, नोएडा, बेंगलौर जैसी आईटी शहरों में की जा रही है। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति और विकास के पथ पर अग्रसर है। जहां दुनिया के देशों की एकॉनॉमिक ग्रोथ गिर रही है, वहीं भारत की विकास दर 7 प्रतिशत से अधिक है। अब अमेरिका भी भारत की चुनाव प्रक्रिया का अनुसरण करने जा रहा है। भारत में सबसे अधिक यूपीआई द्वारा ट्रांजेक्शन किया जा रहा है। उन्होंने आगे कहा कि भारत अपने जीवन मूल्यों और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्ध है। वह सारी दुनिया को विश्व बंधुत्व की भावना का संदेश दे रहा है।
इस अवसर पर देपालपुर विधायक श्री मनोज पटेल, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा तथा इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री जयेश संघराजका, कार्यकारी उपाध्यक्ष श्री सुनील कुमार धारेश्वर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री नीलाद्री प्रसाद मिश्रा सहित मध्यप्रदेश शासन एवं इंफोसिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इंफोसिस के मुख्य वित्तीय अधिकारी श्री जयेश संघराजका ने कहा कि इंदौर में कंपनी की मौजूदगी का विस्तार टैलेंट, इनोवेशन और डिजिटल क्षमताओं में निरंतर निवेश को दर्शाता है। इससे क्षेत्र के मजबूत प्रतिभा पूल का लाभ उठाने, एआई, क्लाउड एवं डिजिटल टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में क्षमताओं को मजबूत करने तथा वैश्विक स्तर पर ग्राहकों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह विस्तार मध्यप्रदेश के प्रति कंपनी की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को भी मजबूत करता है और उच्च गुणवत्ता वाले रोजगार के अवसर सृजित करने में योगदान देगा।
इंफोसिस इंदौर में वर्तमान में 3,300 से अधिक कर्मचारी कार्यरत हैं, जो बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं एवं बीमा (बीएफएसआई), रिटेल, लाइफ साइंसेज और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र से जुड़े वैश्विक ग्राहकों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। नए विस्तार से क्लाउड, एप्लीकेशन डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग तथा साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में इंफोसिस की क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी। इससे वैश्विक ग्राहकों की बदलती आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सहायता मिलेगी।
यह विस्तार मध्य भारत के प्रतिभा पूल को इंफोसिस से जोड़ने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कंपनी द्वारा स्किलिंग कार्यक्रमों एवं संस्थागत साझेदारियों के माध्यम से मध्यप्रदेश के शैक्षणिक एवं प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र के साथ अपने जुड़ाव को और गहरा करने की योजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत आईआईटी इंदौर, आईआईएम इंदौर और देवी अहिल्या विश्वविद्यालय जैसे प्रमुख संस्थानों के साथ सहभागिता शामिल है।
पर्यावरण-अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित है नया भवन
नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक को इंफोसिस की ईएसजी प्रतिबद्धताओं एवं उच्च प्रदर्शन वाले ग्रीन बिल्डिंग मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है। केंद्र को पर्यावरण-अनुकूल और ऊर्जा दक्षता को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है। इसमें कम ऊर्जा खपत वाली कूलिंग व्यवस्था, स्मार्ट बिल्डिंग ऑटोमेशन, वर्षाजल संचयन तथा अपशिष्ट जल के पुनर्चक्रण जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। इसके अलावा, यहां फ्लेक्सिबल वर्क स्टेशन, प्रशिक्षण केंद्र और वेलनेस सेंटर जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
नए सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट ब्लॉक के उद्घाटन के साथ इंदौर में इंफोसिस के विकास केंद्र का विस्तार हुआ है। यह विस्तार शहर में तकनीकी क्षमताओं, डिजिटल सेवाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के साथ मध्यप्रदेश के उभरते प्रौद्योगिकी एवं प्रतिभा पारिस्थितिकी तंत्र से जुड़ाव को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम में देश की शीर्ष आईटी कंपनी इंफोसिस के आधुनिक परिसर का वृत्त चित्र दिखाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आईटी प्रोफेशन्स उपस्थित थे।
