टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड ने तकनीशियन के 50 पदों के लिए किया चयन

संचालक कौशल विकास विभाग के निर्देशानुसार शासकीय संभागीय आईटीआई इंदौर में गुरुवार को टेक्नो इलेक्ट्रिक एंड इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड द्वारा कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया गया। यह आयोजन संयुक्त संचालक श्री सतीश मोरे के मार्गदर्शन तथा प्राचार्य श्रीमती रीना सोलंकी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कैंपस इंटरव्यू में इंदौर जिले की विभिन्न संस्थाओं के इलेक्ट्रीशियन एवं इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसाय के 100 से अधिक प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। कंपनी द्वारा विभिन्न जिलों में तकनीशियन के कुल 50 पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किए गए।

चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिमाह 15 हजार से 20 हजार रुपये तक वेतन के साथ अन्य भत्तों का लाभ भी प्रदान किया जाएगा। कंपनी द्वारा अन्य जिलों के अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन इंटरव्यू की प्रक्रिया आगामी दो दिनों तक जारी रहेगी।
कैंपस इंटरव्यू के सफल आयोजन पर प्लेसमेंट सेल प्रभारी श्री विपिन पुरोहित ने कंपनी से आए चयनकर्ताओं एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान के प्रयासों की भी सराहना की गई।
