
राऊ पुलिस थाना में दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ है। एक आरोपित ने स्पा सेंटर संचालिका के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और उससे लाखों रुपये भी ऐंठ लिए। आरोपित ने शादी भी नहीं की और कहा कि एसिड डालकर आग लगा देगा। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश भी की, लेकिन घर से फरार मिला।
टीआइ नरेंद्र रघुवंशी के मुताबिक, 33 वर्षीय महिला पेट्रोल पंप के समीप स्पा सेंटर चलाती है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपित विनोद पुत्र भंवरलाल राव निवासी नेहरू नगर फालना कालोनी पलिस (राजस्थान) ने उसके साथ धोखा किया है। महिला शादीशुदा है और उसका एक बेटा भी है। वह करीब 14 महीने पूर्व आबू रोड़ राजस्थान में एक स्पा सेंटर में काम करती थी।
आरोपित पर भरोसा कर इंदौर आ गई महिला
आरोपित विनोद से उसकी स्पा पर ही बातचीत हुई थी। आरोपित ने उससे फोन नंबर ले लिए और बात करने लगा।उसने कहा कि वह राऊ में स्पा सेंटर खुलवा देगा। महिला बेटे के साथ इंदौर आ गई और स्पा सेंटर चलाने लगी।उसका आरोप है कि विनोद ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। स्पा में होने वाली कमाई के रुपये भी उसने रख लिए। मकान व प्लाट दिलाने का बोलकर विनोद ने 30 लाख रुपये नकद ले लिए।
एसिड डालकर आग लगाने की धमकी दी
आरोपित एलआइसी पालिसी और स्कूटर के रुपये भी ले गया। उसने शादी से मना कर दिया और पीड़िता के रुपये भी नहीं लौटाए। महिला द्वारा दबाव बनाने पर विनोद ने धमकाया और कहा कि उस पर एसिड डाल कर आग लगा देगा। बेटे और बहन की हत्या की धमकी भी दी। पीड़िता गुरुवार को थाने पहुंची और आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया।

