
इंदौर में लोन दिलाने और प्रॉफिट देने के नाम पर दो डॉक्टरों के साथ ठगी का मामला सामने आया है। एमजी रोड पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र सक्सेना के खिलाफ बुधवार को धोखाधड़ी की शिकायत पर FIR दर्ज की है।
आरोपी वीरेंद्र ने अकेले ही महिला डॉक्टर से 6 बैंक से लोन करवा दिया, लेकिन जुलाई के बाद उसकी किश्तें भरना बंद कर दी। लोन का पूरा पैसा आरोपी ने अपने पास रखा। इसमें किश्तों के साथ अलग से 4% प्रॉफिट देने की भी बात की गई थी।
एमजी रोड पुलिस ने CHC बेटमा में मेडिकल ऑफिसर के पद पर कार्यरत डॉक्टर विनीता काटेकर और डॉक्टर राजेन्द्र गुजराती (चिकित्सा अफसर, देवास) की शिकायत पर धोखाधड़ी के मामले में एफआईआर दर्ज की। आरोपी ने लोन के रुपए में प्रॉफिट देने के नाम पर राशि अपने पास रखी थी, जिसमें उसने व्यापार में निवेश करने का बहाना किया।
आरोपी ने कमीशन देने का वादा किया, राशि रखी अपने पास
डॉक्टर विनीता काटेकर को 1 करोड़ 10 लाख का लोन करवाया गया, जिसमें 5% राशि अफसर और कर्मचारियों को प्रोसेसिंग फीस के रूप में दी गई। वहीं, 1 करोड़ 6 लाख के अमाउंट में 4%कमिशन देने का लालच भी दिया गया, और हर महीने अलग कमीशन देने का वादा किया गया। आरोपी वीरेंद्र ने यह राशि अपने कामों में लगा दी।
वीरेंद्र ने डॉक्टर विनीता को एचडीएफसी बैंक से 25 लाख 18 हजार, बंधन बैंक से 20 लाख 15 हजार और 62 हजार, SMFG से 20 लाख 81 हजार, पिरामल बैंक से 15 लाख 40 हजार और श्रीराम फाइनेंस से 13 लाख का लोन सितंबर 2020 से सितंबर 2025 तक कराया, लेकिन बची राशि महिला को नहीं दी गई।
आरोपी ने 6 से ज्यादा लोगों से की ठगी
डॉक्टर राकेश गुजराती ने बताया कि उनकी कोर्ट में आने-जाने के दौरान वीरेंद्र सक्सेना से पहचान हुई। वीरेंद्र ने एचडीएफसी, प्रूटोन बैंक और बंधन बैंक से करीब 39 लाख का लोन कराया। इसमें भी 5 प्रतिशत राशि प्रोसेसिंग फीस के रूप में बैंक के अफसरों और कर्मचारियों को दी गई, जबकि 4 प्रतिशत प्रॉफिट खुद रखने के लिए कह गया।
डॉक्टर राकेश ने बताया कि लोन की किश्तें भी आरोपी द्वारा नहीं भरी जा रही थीं, जिसके कारण बैंक के अफसरों ने उन्हें किश्तें भरने के लिए कॉल किए।
डॉक्टरों ने बताया कि कोर्ट में ही वीरेंद्र ने सभी डॉक्यूमेंट अपने पास रख लिए थे। जांच के बाद उनके बयान लेकर मामले में बुधवार रात एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने करीब आधा दर्जन लोगों से ठगी की है और पूछताछ के बाद पूरी जानकारी सामने आएगी।
