
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र में छह वर्षों से एक ही घर में काम कर रही नौकरानी ने मौका पाकर सोने के जेवरात चोरी कर लिए। मालिक की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो वह पकड़ी गई। पुलिस ने शनिवार को इस चोरी का खुलासा करते हुए आरोपी महिला से जेवर बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को जानकी नगर स्थित अमर पैलेस में रहने वाले आनंद अग्रवाल थाने पहुंचे और बताया कि उनकी अलमारी में रखे सोने के जेवरात गायब हैं। किसी ने घर से चोरी कर ली है। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
डीसीपी आनंद कलादगी के मुताबिक, पुलिस टीम ने सबसे पहले घर के आसपास और सोसायटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके साथ ही घर में काम करने वाले और आने–जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। परिवार ने पूछताछ के दौरान अपने घर में छह साल से काम कर रही नौकरानी पर संदेह जताया।
संदेह के आधार पर पुलिस ने नौकरानी तनु पति बलराम गोखले, निवासी श्यामाचरण शुक्ला नगर, को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछने पर उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसने बताया कि चोरी किए हुए गहने उसने उस घर में छिपाकर रखे थे, जहां वह दूसरी जगह काम करने जाती है।
नौकरानी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए सोने के टॉप्स और एक पैंडल सहित करीब 40 ग्राम (लगभग 5 लाख रुपए) के जेवर जब्त किए। पूछताछ में उसने बताया कि उसके घर में कुछ समस्याएं चल रही थीं और पैसों की जरूरत के कारण उसने यह कदम उठाया।
