
इंदौर में भंडारी ब्रिज पर सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तेज रफ्तार कार ने युवक की बाइक को जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त किसी प्रशासनिक अधिकारी का काफिला ब्रिज से गुजर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एमजी रोड पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 10:30 बजे की है। नितेश (30) पुत्र सुरेश यादव निवासी सोमनाथ की चाल अपनी बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नितेश बाइक समेत ब्रिज के फुटपाथ में जा घुसा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
इनोवा ने मारी थी टक्कर
राहगीरों और एक ओला कैब ड्राइवर ने तुरंत मदद करते हुए नितेश को एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक हादसे के वक्त मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि काफिले में शामिल एक इनोवा कार ने नितेश की बाइक को टक्कर मारी थी। नितेश सियागंज स्थित एमपीईबी ऑफिस में निजी ड्रायवर के रूप में कार्यरत था। उसके परिवार में एक बहन और एक भाई है। परिजनों ने बताया कि वह रोजाना रात करीब 10 बजे तक घर पहुंच जाता था।
सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
एमजी रोड पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
