
इंदौर में कचरा और गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। बुधवार को जोन-18 में टीम ने 2 जगह कार्रवाई कर 30 हजार रुपए का स्पॉट फाइन किया है।
अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया ने शहर की सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान वार्ड 63 में अग्रसेन चौराहे के पास स्थित मजदूर चौक के सामने बनी कंपोजिट वाइन शॉप की दुकान के बाहर कचरा और गंदगी देखी।
इस पर उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य अधिकारी राजेश जायसवाल को मौके पर भेजकर स्पॉट फाइन करने को कहा। स्वास्थ्य अधिकारी ने दस मौके पर पहुंचकर कंपोजिट वाइन शॉप पर दस हजार का स्पॉट फाइन करने की कार्रवाई की।
प्रबंधक नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट सील
महाकाल का रेस्टोरेंट परिसर में भी कचरा और गंदगी मिलने पर यहां पर भी टीम स्पॉट फाइन करने पहुंची, लेकिन रेस्टोरेंट प्रबंधक नहीं पर रेस्टोरेंट को सील किया गया। इसके बाद रेस्टोरेंट के मालिक यहां आए और कचरा-गंदगी फैलाने पर 20 हजार रुपए का स्पॉट फाइन वसूल करने के बाद रेस्टोरेंट को खोला गया। कार्रवाई के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी सहित सहायक सीएसआई शोभरन खरे, क्षेत्रीय दरोगा एवं एनजीओ की टीम मौजूद रही।
