
इंदौर के खजूरी बाजार स्थित सुभाष चौक में बुधवार सुबह एक के बाद एक चार दुकानों में आग लग गई। जिससे दुकानों में रखा सामान खाक हो गया। आग की सूचना पर सर्राफा थाने के टीआई सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं नगर निगम ने दुकानों के ऊपर स्थित जर्जर भवन गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी।
टीआई सुरेंद्र रघुवंशी ने बताया कि सुबह 6 बजे खंडेलवाल ब्रदर्स की स्टेशनरी दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। काफी-किताबों में लगी आग जल्द ही 3 अन्य दुकानों तक फैल गई। जिससे लाखों रुपए की स्टेशनरी और राखियां जल गईं।
उन्होंने बताया कि ये दुकानें महेश खंडेलवाल, जगदीश खंडेलवाल और सतीश खंडेलवाल व उनके एक अन्य रिश्तेदार की हैं। इन दुकानों में स्टेशनरी, बही-खाते सहित राखियों की बिक्री की जा रही थी। आग लगने की सूचना मिलने पर दुकान के मालिक भी मौके पर पहुंच गए।
जर्जर भवन को गिराया
पुलिस और दमकल कर्मियों ने दुकानों के ऊपर स्थित जर्जर भवन की सूचना नगर निगम को दी। कुछ ही देर में नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने इस हिस्से को गिराने की कार्रवाई शुरू कर दी। बता दें कि नगर निगम इन भवन को हटाने को लेकर पहले नोटिस दे चुका है। दुकानों में आग लगने के बाद यह भवन और कमजोर हो गया था। जिससे भविष्य में हादसा हो सकता है। जिसे देखते हुए उसे हटाने की कार्रवाई की गई।
