
इंदौर के विजयनगर इलाके में रहने वाली एक 52 वर्षीय महिला ने जहर खा लिया था। इलाज के दौरान बुधवार को एमवाय अस्पताल में उसकी मौत हो गई। महिला का नाम पार्वती काछी था, जो अपने पति राधेश्याम के साथ अंजनी नगर में रहकर आलू-प्याज बेचने का काम करती थी।
परिवार के अनुसार, पार्वती ने दो दिन पहले ज़हर खाया था, जिसके बाद उन्हें गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार को उन्होंने दम तोड़ दिया।
बेटे को लेकर हो रही थी परेशान
सूत्रों के अनुसार, पार्वती का बेटा करिश्मा किन्नर समुदाय से जुड़ा है। हाल ही में नंदलालपुरा इलाके के कुछ किन्नर जबरन उसे अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहे थे। करिश्मा ने इसकी शिकायत भी पुलिस में की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों का कहना है कि इसके बाद से किन्नर पार्वती के घर बार-बार आकर धमकियां दे रहे थे। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं। आशंका है कि इसी तनाव में आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
विजयनगर पुलिस ने फिलहाल धमकी वाले मामले की पुष्टि नहीं की है, लेकिन पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पार्वती के आत्महत्या करने की असली वजह क्या थी, यह पता लगाने के लिए पुलिस परिवार से भी बातचीत कर रही है।
