
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र स्थित गणेशनगर में रहने वाले 50 वर्षीय व्यक्ति ने आंखों की गंभीर बीमारी से परेशान होकर जहर खा लिया। परिजन उन्हें तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान रविवार रात उनकी मौत हो गई। हीरानगर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमल (50) पिता गिरधारी कुल्हार के रूप में हुई है। कमल को बचपन से आंखों से देखने में परेशानी थी। हाल ही में उनकी पत्नी ने ऑपरेशन करवाया था, लेकिन कमल की आंखों की रोशनी में कोई खास फर्क नहीं आया, जिससे वह मानसिक रूप से और टूट गए थे।
रविवार शाम कमल ने घर लौटने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। इस पर उनकी बेटी ने पूछताछ की, तो उन्होंने जहर खाने की बात कबूल की। परिजन तुरंत उन्हें एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां करीब तीन घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि कमल लंबे समय से बेरोजगार थे और छोटी-मोटी मजदूरी से ही घर चलाते थे। बीमारी और काम न होने के कारण वे तनाव में थे। उनकी पत्नी और बेटा काम कर परिवार का खर्च चला रहे थे। कमल की दो बेटियां भी हैं। हीरानगर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है।
