
हनीमून मनाने मेघालय गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या उनकी पत्नी ने ही कराई थी। उसने यूपी के गाजीपुर में सरेंडर किया है। वारदात में शामिल तीन हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। हमलावर मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। एक आरोपी की तलाश जारी है। मेघालय के CM कोनराड सांगमा ने X पर पोस्ट करके यह जानकारी दी है।
बात करते हुए सोनम के पिता देवीसिंह ने बताया- रात करीब 2 बजे सोनम गाजीपुर के एक ढाबे पर पहुंची थी। यहां ढाबे वाले से कहकर भाई गोविद को कॉल किया। गोविंद ने गाजीपुर से अपने परिचित को वहां भेजा। इसके बाद उन्होंने सोनम से फोन पर बात कराई।गाजीपुर एसपी डॉ. ईरज राजा ने बताया- सोनम रघुवंशी को गाजीपुर में नंदगंज के एक ढाबे पर बेहोश हालत में पाया गया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। यह मामला दूसरे प्रदेश से जुड़ा हुआ है इसलिए जब तक वहां की पुलिस नहीं आती, कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती।
