
इंदौर के पास मिर्जापुर में बुधवार सुबह मवेशियों को देखने निकले एक किसान को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एमवाय अस्पताल लाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। इधर, बाणगंगा क्षेत्र के सुखलिया गांव की एक फैक्ट्री में काम कर रही 60 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि उसे जहरीले जानवर ने काट लिया था। दोनों मामलों में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक की टक्कर से किसान की मौत
पुलिस के अनुसार हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े 5 बजे का है। देपालपुर निवासी विक्रम केवट (50) रोज की तरह सुबह मवेशियों को छोड़ने के बाद कुछ दूरी तक उन्हें देखने निकले थे। इसी दौरान मिर्जापुर के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विक्रम दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
बाइक सवार भी हादसे में घायल हुआ और मौके पर ही गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने एम्बुलेंस की मदद से विक्रम को सुबह करीब 6 बजे एमवाय अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विक्रम पेशे से किसान थे और उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी है। घायल बाइक सवार को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि उसकी बाइक मौके पर ही पड़ी मिली है।
