
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने किया विकास योजनाओं का लोकार्पण
इंदौर: महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने विधानसभा पांच के वार्ड 50 में डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली स्टॉर्म वॉटर लाइन कार्य का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि हमें विकास को चरणबद्ध तरीके से समझना होगा।
उन्होंने बताया कि 25 वर्ष पहले इंदौर में सड़कों की स्थिति बेहद खराब थी। पहले चरण में भारतीय जनता पार्टी की नगर निगम सरकार ने शहर में सड़क निर्माण का कार्य किया।
दूसरे चरण में ड्रेनेज लाइन का कार्य हुआ, तीसरे चरण में नर्मदा जल की पाइपलाइन बिछाई गई,ओर घर घर पानी पहुंचाया गया,और अब चौथे चरण में शहर की जल वितरण प्रणाली को मजबूत करने का कार्य किया जा रहा है।
महापौर ने वार्ड 50 की सड़कों की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए एक करोड़ रुपये की अतिरिक्त घोषणा की। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य है कि जलभराव की समस्या को पूरी तरह समाप्त किया जाए। इसके लिए शत-प्रतिशत स्टॉर्म वॉटर कवरेज अनिवार्य है, और नगर निगम इस दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। जहां-जहां गंभीर समस्या है, वहां प्राथमिकता के आधार पर काम किया जा रहा है।

“महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में इंदौर में 1100 किलोमीटर लंबी पीने के पानी की पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे आने वाले कई वर्षों तक शहरवासियों को पानी की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही, करीब 900 किलोमीटर की ड्रेनेज लाइन का कार्य पूरा किया जा चुका है, ताकि ड्रेनेज संबंधी परेशानियों से मुक्ति मिले।महापौर ने बताया कि इंदौर के इतिहास में पहली बार एक साथ 23 मास्टर प्लान की सड़कें बन रही हैं। साथ ही, यातायात को सुगम बनाने के लिए 22 छोटे-बड़े पुल-पुलियों का निर्माण भी किया जा रहा है, जो जल्द ही इंदौर वासियों को समर्पित किए जाएंगे।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य राजेश उदावत, वार्ड 50 के पार्षद राजीव जैन सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

