
इंदौर के दिव्य विहार कॉलोनी के मुख्य द्वार पर एक जनहितैषी पहल के तहत निशुल्क पूछताछ केंद्र शुरू किया गया। पीड़ित रहवासियों द्वारा यह केंद्र इस उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है कि जैसे वे स्वयं अधूरी जानकारी व कानूनी जटिलताओं के कारण समस्याओं में फंसे, वैसे अन्य कोई नागरिक भविष्य में भ्रमित न हो।
दरअसल रहवासियों ने पिछले दिनों डेवलपर जितेंद्र दवे द्वारा वादे पूरे नहीं करने और परेशानियों के चलते अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया था। इस बीच 4 मई को तेज आंधी और बारिश से टेंट उखड़ गया। फिर भारत-पाक के बीच बनी तनाव की स्थिति में जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार के धरना-प्रदर्शन पर रोक लगा दी। इसके चलते रहवासियों ने नि:शुल्क पूछताछ केंद्र शुरू कर विरोध शुरू किया है। इससे अब कोई नया व्यक्ति आता है तो उसे रहवासी यहां की सच्चाई बता रहे हैं। केंद्र की शुरुआत दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुई। पीड़ित रहवासियों ने इस प्रयास की आवश्यकता एवं उद्देश्यों को रेखांकित करते हुए बताया कि यह केंद्र नागरिकों को पारदर्शिता के साथ कॉलोनी में कॉलोनाइजर द्वारा फैलाई असुविधाओं की सही जानकारी प्रदान करेगा। पूछताछ केंद्र पर रहवासी राजेंद्र पाल, रवि भिंगोरे, आर. पी. मिश्रा, मुकेश शर्मा, प्रवीण शर्मा आदि आगंतुकों को प्लॉटों की वैधानिक स्थिति, अधूरे विकास काम की जानकारी, कॉलोनी में व्याप्त असुविधाओं की जानकारी दे रहे हैं।
