
इंदौर के पीथमपुर इलाके में एक निजी फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारी की छत से गिरकर मौत हो गई। शनिवार रात वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह छत से गिरकर पीछे के खेत में जा गिरा। दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन देर रात उसकी मौत हो गई।
बिजली कटने के दौरान हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान देवेंद्र सिंह (निवासी कटनी) के रूप में हुई है। वह करीब एक साल से पीथमपुर की निजी कंपनी में काम कर रहा था। उसके दोस्तों ने बताया कि शनिवार रात वह अपने रूम की छत पर दोस्तों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान रात करीब 11 बजे बिजली चली गई, सभी हंसी-मजाक कर रहे थे, तभी अचानक देवेंद्र की चीख सुनाई दी।
पुलिस के अनुसार, यह मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई और कारण है, इसकी जांच की जा रही है। मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और दोस्तों से भी पूछताछ जारी है।
