
इंदौर पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शहर के विभिन्न हिस्सों में घरों से लाखों रुपये के गहने चोरी किए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन का उपयोग करके आरोपितों को पकड़ लिया और उनके पास से तीन लाख 95 हजार रुपये के आभूषण बरामद किए। एक आरोपित चोरी के बाद महाकुंभ में चला गया था।
इंदौर पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए मोबाइल लोकेशन का उपयोग किया।
पुलिस ने इन चोरों से 3 लाख 95 हजार रुपये के गहने भी बरामद किए गए हैं।
एक चोर की कई युवतियों से दोस्ती है, जिन पर चोरी के रुपये खर्च करता था।
इंदौर। द्वारकापुरी पुलिस ने सूने घरों में चोरी करने वाले दो चोरों को गिरफ्तार किया है। एक आरोपित चोरी करने के बाद गंगा में डुबकी लगाने प्रयागराज चला गया था। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन निकालकर आरोपितों को पकड़ लिया। चोरों से तीन लाख 95 हजार रुपये के आभूषण बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक सूर्यदेव नगर, आस्था पैलेस और न्यू द्वारकापुरी में चोरी हुई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों को ढूंढ रही थी। पुलिस ने आरोपित अजय की शिनाख्त कर घर पर दबिश दी तो स्वजन ने बताया कि वह प्रयागराज चला गया।
पुलिस ने लौटते ही उसे पकड़ लिया
गुरुवार को पुलिस ने उसे इंदौर लौटते ही पकड़ लिया। आरोपित अजय शुक्ला निवासी डागर नगर ने बाणगंगा के संतोष कोरी के साथ चोरी करना कबूला। उसने बताया कि प्रयागराज जाने के लिए आभूषण बेच दिए थे। संतोष नशा करता है। युवतियों से उसकी दोस्ती है। उन पर रुपये खर्च करता है। दोनों के विरुद्ध कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
