
इंदौर के सांवेर के जेतपुरा में पूर्व सरपंच रमेश भेरूलाल बोरवाल के साथ मारपीट का वीडियो सामने आया है। वीडियो में कुछ महिला बाउंसर और युवक उनके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान बार-बार जीप निकालने की बात भी कही जा रही है। बताया जा रहा है कि जमीन विवाद के चलते आरोपियों ने सरपंच को घर के पास बुलाया और मारपीट की। शुरुआत में पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, लेकिन वीडियो सामने आने के बाद सरपंच को थाने बुलाकर केस दर्ज कर लिया गया।
गाड़ी में बैठाकर थाने के बाहर छोड़ा
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने पहले सरपंच को फोन कर बुलाया, फिर उनके साथ मारपीट की और बाद में गाड़ी में बैठाकर थाने के बाहर छोड़कर फरार हो गए। मामला सामने आने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने संज्ञान लिया और पुलिस को केस दर्ज करने के निर्देश दिए।
जमीन विवाद की वजह से हुआ हमला
पूर्व सरपंच रमेश भेरूलाल बोरवाल और उनके दोस्त ठाकुर के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते कुछ लोग वहां पहुंचे और बाउंसरों ने मारपीट कर दी। पुलिस अब वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
