
इंदौर के पलासिया क्षेत्र में एक युवक ने अपनी पूर्व मंगेतर और उसके दोस्तों के साथ सड़क पर मारपीट की। युवक ने कार रोककर अभद्रता की, जिसके बाद मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पलासिया पुलिस के अनुसार, दीक्षा (विजयनगर निवासी) ने अपने पूर्व मंगेतर संदीप सिंह झाला (मरीमाता रघुवंशी कॉलोनी निवासी) के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। दीक्षा ने बताया कि वह एक निजी कंपनी में काम करती हैं। पहले उनकी सगाई संदीप से हुई थी, लेकिन बाद में यह सगाई टूट गई।
25 जनवरी को दीक्षा अपने दोस्तों रितिका, अनुपम और अनिल के साथ एसेंसिया होटल में बर्थडे पार्टी मनाकर स्कोडा कार से चंद्रलोक चौराहे की ओर जा रही थीं। इस दौरान संदीप ने उनकी कार के आगे अपनी कार लाकर रोक दी। उसने कार की चाबी निकाल ली और बाहर आने के लिए कहा।
जब दीक्षा ने उसके साथ जाने से इनकार किया, तो संदीप ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उसने अनुपम की कॉलर पकड़कर मारपीट की और फिर दीक्षा के साथ भी हाथापाई की। संदीप ने धमकी दी कि अगर वह दोबारा घूमती हुई नजर आई, तो उसे जान से मार देगा।
दीक्षा और उनके दोस्त तुरंत पलासिया थाने पहुंचे और संदीप के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट और धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
