
इंदौर क्राइम ब्रांच ने एमडी ड्रग के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़ाए आरोपियों में से एक राजस्थान के प्रतापगढ़ का रहने वाला है। जबकि दूसरा इंदौर के सदर बाजार इलाके का रहने वाला है। प्रतापगढ़ का आरोपी इंदौर में ड्रग की डिलीवरी देने आया था, लेकिन क्राइम ब्रांच टीम ने उसे पहचान कर पकड़ लिया। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उनके पास से लगभग 64 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई है। क्राइम ब्रांच टीम ने विशाल पुत्र दशरथ राव, निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान और राजिक उर्फ सद्दाम पुत्र मोहम्मद सईद, निवासी जूना रिसाला, इंदौर को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच को जानकारी मिली थी कि विशाल राव इंदौर में ड्रग की डिलीवरी देने आया है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से बड़ी मात्रा में एमडी ड्रग बरामद हुई। पूछताछ में विशाल ने बताया कि, वह यह ड्रग राजिक को डिलीवरी करने वाला था। पुलिस ने आरोपियों के पास से राजस्थान और इंदौर पासिंग की दो बाइक भी जब्त की है।
