
सोमवार सुबह हादसे में दो नाबालिगों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। यह घटना सुबह 7 बजे खुड़ैल थाना क्षेत्र के ग्राम डबलचौकी के पास हुई। बाइक पर सवार तीनों लोग बोरिंग करने वाले वाहन से टकरा गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने बोरिंग मशीन में तोड़फोड़ कर उसे आग के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों सिवनी से डबलचौकी की ओर जा रहे थे। मृतकों की पहचान कुणाल (17), सूर्यांश (12), और विशाल (22) के रूप में हुई है। तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे। विशाल की शादी हो चुकी थी। खुड़ैल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिए गए हैं।
खराब सड़क के चलते संतुलन बिगड़ा, फिर मशीन से टकराए
कुणाल के चाचा विकास ने बताया कि वह मजदूरी करता था। किसी काम से तीनों डबलचौकी जा रहे थे। वहीं, बोरिंग मशीन डबलचौकी से सिवनी की ओर जा रही थी। कोहरे के कारण उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं दिया। सड़क खराब होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वे बोरिंग मशीन से टकरा गए।
