
इंदौर के तिलक नगर में गुरुवार रात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने बाइक सवार दो बदमाशों को पकड़ा है। आरोपी एक युवक का मोबाइल लेकर भाग रहे थे। तिलक नगर पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने हुकुमचंद चौधरी का मोबाइल लूटा था। ट्रैफिक पुलिस के कर्मी मनोज और विजयपाल की मदद से आरोपी नीतेश चावले निवासी इदरीसनगर और अजय जायसवाल निवासी देवगुराडिया को पकड़ा है।
हुकुमचंद चौधरी ने बताया कि वह एक ट्रैवल्स कंपनी में काम करता है। रात में उसकी ड्यूटी खत्म हुई, तो कंपनी मैनेजर रौनक जैन ने उसे पिपल्याहाना चौराहे पर छोड़ दिया। यहां से वह पैदल चौहान नगर की तरफ जा रहा था।रास्ते में बाइक पर दोनों बदमाश आए। उन्होंने बाइक पास में लगाई और पीछे बैठे बदमाश ने हाथ से मोबाइल छीन लिया। वह शोर करता हुआ बदमाशों की बाइक के पीछे दौड़ा। कुछ आगे ट्रैफिक पुलिस के जवान खड़े थे। उन्होंने बाइक से दोनों बदमाशों का पीछा किया। भागते समय कुछ दूर जाकर दोनों बदमाशों की बाइक फिसल गई। इसके बाद उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस का कहना है कि गिरने से बदमाशों के हाथ-पैर में चोट आई है। उनसे शहर में हुई और भी घटनाओं के बारे में भी पूछताछ की जा रही है।
