
पिछले कुछ महीनों में हार्ट अटैक से जुड़ी मौतों के मामले में एकाएक वृद्धि हुई है. बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक में हृदयाघात के मामले देखे जा रहे हैं. अब छिंदवाड़ा के जिला न्यायालय में पदस्थ एक जज की बैडमिंटन खेलते हुए अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई. वे रोज की तरह बैडमिंटन खेल रहे थे लेकिन उन्हें या किसी और को नहीं पता था कि इतनी बड़ी अनहोनी हो जाएगी
दरअसल, जिला व सत्र न्यायालय छिंदवाड़ा में पदस्थ विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी मोहित दीवान सुबह सतपुड़ा क्लब में बैडमिंटन खेलने गए थे. वे रोज यहां बैडमिंटन खेलने आया करते थे. लेकिन सोमवार को खेलते समय अचानक वे जमीन पर गिर पड़े और हृदय गति रुक जाने के कारण मौके पर ही उनकी मौत हो गई. मूलत: छत्तीसगढ़ के रायपुर के रहने वाले मोहित दीवान की उम्र महज 48 साल थी विशेष न्यायाधीश एट्रोसिटी, छिंदवाड़ा में मोहित दीवान से पहले इसी पद पर रहे पूर्व मजिस्ट्रेट का भी हार्ट अटैक से निधन हो गया था. छिंदवाड़ा न्यायालय में लगातार दो जजों की हार्ट अटैक से हुई मौतों ने लोगों को हैरान कर दिया है. जिला बार एसोसिएशन ने इस मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है. जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष राजकुमार मिश्रा ने कहा कि “जज मोहित दीवान का असमय और अचानक निधन हो जाने से न्याय जगत में अपूर्ण क्षति हुई है. इस दुख की घड़ी में जिला अधिवक्ता संघ गहरा दुख व्यक्त करता है
