
मध्य प्रदेश के इंदौर में भाजपा अल्पसंख्यक नेता शरीफुद्दीन काजी के बेटे फरहान के साथ मारपीट हो गई। वह अपनी महिला मित्र से मिलने गोम्मटगिरी गया था। युवती मूलत: रीवा की रहने वाली है। युवती ने फरहान के खिलाफ केस दर्ज नहीं करवाया है।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने किया हंगामा
दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ थाने पहुंचे
चंद घंटों बाद दोनों के बीच हो गया समझौता
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने भाजपा नेता के बेटे को एक हिंदू युवती के घर पकड़ लिया। गुस्सा पदाधिकारियों ने लव जिहाद और शोषण का आरोप लगा कर उसकी पिटाई कर दी। मामला थाने पहुंचा और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विरुद्ध लिखित शिकायत की। हालांकि बाद में समझौता भी हो गया। घटनाक्रम देर रात गोम्मटगिरी क्षेत्र का है। अल्पसंख्यक भाजपा नेता शरीफुद्दीन काजी का बेटा फरहान महिला मित्र से मिलने गया था। मूलत: रीवा निवासी युवती गोम्मटगिरी के पास रहती है। हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी अचानक मौके पर पहुंचे और फरहान को पकड़ लिया। विवाद करने पर उसकी पिटाई कर डाली। सूचना मिलने पर फरहान का दोस्त राजू भी मदद के लिए पहुंच गया।
राजू का भाई अंबर भाजपा आईटी सेल में है। फरहान की मदद करने पर हिंदू संगठन के पदाधिकारियों से राजू की कहासुनी हो गई। दोनों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया। गांधी नगर टीआई अनिल यादव के मुताबिक फरहान और युवती ने रिपोर्ट करने से मना कर दिया है।
