
इंदौर के पास ओखलेश्वर हनुमान मंदिर में दर्शन करने गए 12वीं के एक स्टूडेंट की नजदीक की नदी में डूबकर मौत हो गई। बारिश के कारण आए तेज बहाव में वह खुद को संभाल नहीं पाया। हादसा सोमवार दोपहर का है। उसका शव मंगलवार सुबह झाड़ियों में मिला है। सिमरोल पुलिस के मुताबिक अजित पुत्र आशीष प्रजापत निवासी कुलकर्णी नगर दोस्तों के साथ ओखलेशर हनुमान मंदिर के दर्शन करने गया था। इस दौरान वह नहाने के लिए नदी में नहाने उतर गया। इस दौरान तेज बारिश होने से अचानक बहाव आया।
अजित के चार दोस्त बहाव से बचकर बाहर की तरफ आ गए। लेकिन तेज पानी के साथ अजित खुद को संभाल नहीं पाया और तेज बहाव के साथ बह गया। दोपहर के बाद दोस्तों ने पुलिस और परिवार को सूचना दी। रात में पुलिस नदी के तेज बहाव के चलते सर्चिंग नहीं कर पाई।
मंगलवार सुबह पुलिस ने तैराकों के साथ सर्चिंग की तो उसका शव झाड़ियों में फंसा मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिये एमवाय अस्पताल भेजा गया है। परिवार में अजित का एक भाई भी है।
