
जेल दाखिल करने के लिए सोमवार शाम बदमाशों को लेकर जा रहे जवानों को दो कैदियों ने धक्का दिया और हथकड़ी समेत भाग निकले। जवानों ने भी दौड़ लगाकर दोनों को पकड़ लिया। घटना आजाद नगर स्थित जिला जेल के बाहर की है। पुलिसकर्मी बदमाशों को बाइक पर लेकर जिला जेल पहुंचे थे। पकड़ने के बाद दोनों की जमकर पिटाई की गई। मामला देख रोड पर काफी लोग जमा हो गए और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बदमाशों के भागने की घटना की सूचना जवानों ने संयोगितागंज और आजाद नगर थाने में दी ही नहीं। उधर, जेलर आलोक बाजपेयी ने कहा कि घटना जेल परिसर के बाहर की होगी, हमें जानकारी नहीं है।
