इंदौर शहर में लगातार बढ़ते जा रहे तापमान के साथ ग्लोबल वार्मिंग को देखते हुए प्रदेश के नगरीय निकाय मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शहर में 51 लाख पौधे लगाने का आव्हान किया है जिसके लिए उन्होंने शहर में बने पार्क और गार्डन का दौरा शुरू किया।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एम आर टेन पर बने नमो ग्लोबल उद्यान का दौरा किया और दो एकड़ में नगर निगम द्वारा विकसित किए गए बगीचे में लगे पौधे और उद्यान का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ नगर निगम के पार्षद और एम आई सी सदस्य राजेंद्र राठौर और उद्यान विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे, जहां अधिकारियों ने मंत्री विजयवर्गीय को उद्यान में लगाए गए बारह हजार पौधों की प्रजातियों की जानकारी दी। इस दौरान मीडिया से चर्चा में कहा कि शहर की संरचना और बढ़ते जा रहे तापमान को देखते हुए पौधारोपण जरूरी है, उन्होंने कहा कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत कुछ छोड़ सकते हैं लेकिन पर्यावरण नहीं छोड़ सकते इसके लिए हमें जागरूक होना पड़ेगा और पेड़ लगाना होंगे। इस दौरान उन्होंने किसी भी राजनैतिक मुद्दों पर चर्चा नहीं की।
