
रात में खाली मैदान में नशा कर लूटपाट करने निकले थे आरोपित, गिरोह में नाबालिग युवती भी शामिल।
आरोपितों ने घरों के बाहर खड़ी दो कार, स्कूटर, आटो रिक्शा में तोड़फोड़ की थी।
नशा करने के बाद आरोपित लूट करने के लिए क्षेत्र में घूम रहे थे।
जब आरोपितों का कालोनी में जुलूस निकाला तो वे कान पकड़कर माफी मांगते रहे।
इंदौर। युवती और उसके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया। कालोनी में घूम-घूमकर आठ गाड़ियों में तोड़फोड़ कर डाली। वारदात के पूर्व सभी ने खाली मैदान में ड्रग्स का डोज लिया था। पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को घटना स्थल पर ले जाकर उनका जुलूस निकाला। गिरोह में शामिल युवती नाबालिग है। वह भी शराब और ड्रग्स लेती है। घटना शुक्रवार रात करीब पौने एक बजे वृंदावन कालोनी की है। बाणगंगा थाना पुलिस ने कुलदीप शंकरसिंह भदौरिया की शिकायत पर केस दर्ज किया है। कुलदीप के मुताबिक बदमाशों ने जीप (बोलेरो) के कांच फोड़ दिए। गाड़ी घर के बाहर खड़ी हुई थी। आरोपित पत्थर, डंडे और राड़ लेकर आए और कालोनी में खड़ी दो कार, स्कूटर, आटो रिक्शा में भी तोड़फोड़ कर डाली।
इन आरोपितों ने वाहनों में की तोड़फोड़
घटना से नाराज रहवासी रात को ही थाने पहुंचे और बताया कि घटना में आरोपित समीर मौर्य निवासी शुभम पैलेस कालोनी, निशिल खत्री निवासी महेश यादव नगर, धर्मेंद्र उर्फ घोचू निवासी हिंदनगर, दीपांशु उर्फ भय्यू काला निवासी डबगर मोहल्ला, जीतू उर्फ जितेंद्र राजपूत निवासी कुशवाह नगर, प्रेम मसानी निवासी कमला नेहरू नगर और एक युवती शामिल थी।
लूटने के लिए दंपती पर हमला किया
सभी आरोपितों ने वृंदावन कालोनी के खाली मैदान में नशा किया और लूटपाट के इरादे से गाड़ियों पर निकल पड़े। वृंदावन चौराहे पर लूटने की मंशा से सागर जायसवाल पर हमला किया। वह पत्नी के साथ घर जा रहा था। सागर ने झुककर खुद को बचा लिया लेकिन स्कूटर क्षतिग्रस्त हो गया। आरोपित इसके बाद डंडे, राड़ और पत्थर लेकर लौटे और कालोनी में गाड़ियां फोड़ना शुरू कर दी।
कान पकड़कर मांगी माफी
कुलदीप के मुताबिक, इसी गैंग ने दस दिन पूर्व पेनजान कालोनी में तोड़फोड़ की थी। पुलिस ने सुबह छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जमकर डंडे लगाए। वृंदावन कालोनी में घटना स्थल पर ले गए और जुलूस निकाला। आरोपितों ने कान पकड़ कर माफी मांगी।
