
पलासिया थाना पुलिस ने संविद नगर में कनात लगाकर ज्वेलरी शोरूम का शटर काटने वाले चार आरोपितों को पकड़ा। दो आरोपित नाबालिग।
इंदौर। संविद नगर में ज्वेलरी शोरूम का शटर काटने वाले चार आरोपितों को पलासिया थाना पुलिस ने पकड़ा है। मास्टर माइंड कैफे संचालक राज उर्फ राजकुमार सांवले है। उस पर आनलाइन ट्रेडिंग और जुआ के कारण कर्ज हो गया था। दो आरोपित नाबालिग हैं। एक आरोपित बाइक खरीदने की चाह में शामिल हो गया था।पलासिया थाना पुलिस ने दो दिन पूर्व ही कुबेर ज्वेलर्स के संचालक तेजस जायसवाल की शिकायत पर केस दर्ज किया था। चार बदमाशों ने तेजस के ज्वेलरी शोरूम में चोरी की कोशिश की थी। आरोपित कनात लगाकर गैस कटर से शटर काट रहे थे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शनिवार को आरोपित राज उर्फ राजकुमार, नयन भालसे निवासी गणराज नगर और बारोली निवासी दो नाबालिगों को गिरफ्तार कर लिया।
गलत आदत के कारण हो गया था कर्ज
पुलिस के मुताबिक, राज मूलत: डीएचएल सोसायटी डोंगरगांव (बड़गोंदा) का रहने वाला है। उसके पिता राधेश्याम सैना में डाक्टर रह चुके हैं। राज भाई के साथ इंदौर के बंगाली चौराहे पर फारेन कैफे चलाता है। इसके पूर्व वह आनलाइन ट्रेडिंग करता था। जुए और शराब पार्टी की भी आदत है। उस पर कर्ज हो गया था।
बाइक खरीदने के लिए गिरोह में शामिल हुआ नाबालिग
कुछ दिनों पूर्व उससे नाबालिग दोस्त ने कहा कि बाइक खरीदने के लिए 15 हजार रुपये चाहिए ।राज ने 20 हजार रुपये देने का आश्वासन दिया और चोरी की साजिश के बारे में बताया। रात कार लेकर रैकी करने गया और साथी स्कूटर से आए। शक न हो इसलिए कनात लगाकर शटर काटने लगे। अचानक एफआरवी के आने की आहट सुनी और चारों को भागना पड़ा। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से कड़ियां जोड़ी और चारों को पकड़ लिया।
