
- आलीराजपुर और बाणगंगा पुलिस ने घेराबंदी कर खेतों से पकड़ा। गिरफ्तारी पर था 30 हजार रुपये का इनाम।
- इंदौर में आइओसी के मैनेजर के घर बदमाशों ने आठ दिन पहले धावा बोलकर रुपये और जेवर लूट लिए थे।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से बड़ी कदवाल (आलीराजपुर) के सोमला गैंग को चिह्नित किया और छापे मारे।
इस दौरान सोमला गिरोह के साथियों के भाग निकला था। उस पर 30 हजार का इनाम भी घोषित किया था।
इंदौर। इंडियन आइल कार्पोरेशन (आइओसी) के मैनेजर पुष्पेंद्र सिंह के घर में डकैती करने वाला मुख्य आरोपित सोमला जोबट (आलीराजपुर) से पकड़ा गया। आलीराजपुर और बाणगंगा थाने की पुलिस ने घेराबंदी कर खेत से पकड़ा है। उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
बाणगंगा थाना क्षेत्र स्थित लंदन विलाज टाउनशिप में पिछले शुक्रवार को डकैती हुई थी। नकाबपोश बदमाश पुष्पेंद्र सिंह, पत्नी आकांक्षा और दो बच्चों कनन व नंदन को बंधक बनाकर रुपये, आभूषण और कार ले गए थे। सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने बड़ी कदवाल (आलीराजपुर) के सोमला गैंग को चिह्नित किया और छापे मारे। सोमला गिरोह के साथियों के साथ फरार हो गया।
खेत में सो रहा था, पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता ने आलीराजपुर, झाबुआ, धार एसपी से बात की और ऐसे पुलिसकर्मियों की टीम बनाई जो बड़ी कदवाल, बोरी, बाग और टांडा के अपराधियों की जानकारी रखते हैं। बुधवार रात टीम में शामिल निरीक्षक जनकसिंह रावत को खबर मिली कि सोमला खेत में सो रहा है। पुलिस बल ने खेत की घेराबंदी कर सोमला को गिरफ्तार किया। उसने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने बंदूकें तान दीं। पुलिस अभी तक गुजरात में छुपने के कयास लगा रही थी।
हर वारदात में बदले साथी
सोमला बघेल निवासी बड़ी कदवाल शातिर अपराधी है। लूट, चोरी और डकैती के कई मामले दर्ज हैं। उससे जोबट थाने में पूछताछ की जा रही है। सोमला हर वारदात में गिरोह के सदस्य बदल लेता है। दो साल पूर्व उसने बड़गोंदा थाना क्षेत्र में राइफल लूटी थी। इस केस में आकेश उर्फ आकाश, थावरिया उर्फ राजेश, कलम और मुकेश शामिल था। मुकेश की मौत हो चुकी है। राजू आलीराजपुर जेल में है। अधिकारियों ने सोमला की गिरफ्तारी नहीं दर्शाई है। उससे कनाड़िया थाना क्षेत्र के तिलक नगर और रिटायर्ड आइएएस रेणु पंत के घर में हुई चोरी की घटना में भी पूछताछ चल रही है।

