
- खाद्य विभाग की टीम ने पत्थर मुंडला स्थित न्यू शालीमार रोडवेज के गैरेज पर मारा छापा।
इंदौर। बुधवार को खाद्य विभाग के जांच दल ने पत्थर मुंडला स्थित न्यू शालीमार रोडवेज के गैरेज पर अवैध रूप से संचालित हो रहे पेट्रोल पंप पर दबिश दी और उसे सील किया। इसके साथ ही पंप संचालक के विरुद्ध प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
जांच में गैरेज परिसर के अंदर एक अवैध डीज़ल डिस्पेंसिंग यूनिट एवं अवैध डीजल भंडारण के लिए भूमिगत टैंक स्थापित मिला। टैंक के अंदर 22173 लीटर मिलावटी डीजल रखा हुआ था, इसे डिस्पेंसिंग यूनिट द्वारा विभिन्न वाहनों में डाला जाता है। मौके पर पंप का संचालन करने वाली फर्म के प्रोपराइटर आशीष कालरा निवासी झलारिया काउंटीवाक भी मिले।
आग लगने की थी आशंका
गैरेज में भूमिगत टैंक बना हुआ था, उसके आसपास चारों ओर सूखी घास लगी पाई गई, इससे यहां पर आग लगने का खतरा उत्पन्न होने की आशंका थी। इसके अलावा पंप पर कोई अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिला। पंप के प्रोपराइटर के पास कोई विस्फोटक अनुज्ञप्ति या कोई अन्य वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे। जांच दल ने टैंक में रखा 22173 लीटर मिलावटी डीजल को मौके पर जब्त किया। जब्त डीजल का अनुमानित बाजार भाव 2,08,1157 रुपये है ।
