
- पार्किंग के विवाद में मचे हल्ले का सीसीटीवी आया सामने। निगमायुक्त ने इस मामले की शिकायत करने के लिए कहा है।
- शुक्रवार सुबह काम से पहुंचे फौजी ने पार्किंग के बजाय कार सड़क पर पार्क कर दी थी।
- घटना का वीडियो बना रहे लोगों से रिटायर्ड फौजी ने मोबाइल छीनने की कोशिश भी की।
- निगम की ओर से एमजी रोड थाने में रिटायर्ड फौजी के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है।
इंदौर नगर निगम में शुक्रवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब पार्किंग को लेकर हुए विवाद के दौरान एक रिटायर्ड फौजी ने नगर निगम के सुरक्षाकर्मी पर रिवाल्वर तान दी। हालांकि बाद में फौजी ने खुद ही रिवाल्वर जेब में वापस रख ली और कहा कि मारने आएगा तो क्या मैं छोड़ दूंगा। मामले में नगर निगम की तरफ से एमजी रोड पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है
घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। निगमायुक्त कार्यालय के बाहर की तरफ निगम के सुरक्षाकर्मी लक्ष्मण मोरे रोज की तरह ड्यूटी पर थे। उन्होंने देखा कि एक बुजुर्ग ने अपनी कार पार्किंग में खड़ी करने के बजाय उस सड़क पर ही खड़ी कर दी है। मोरे तुरंत वहां पहुंचे और बुजुर्ग से कहा कि गाड़ी यहां मत खड़ी करो, निगमायुक्त की कार निकलने में दिक्कत होगी। इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
मुझे मारने आएगा तो क्या मैं छोड़ दूंगा
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि बुजुर्ग ने जेब से रिवाल्वर निकालकर मोरे पर तान दी। आसपास के लोग भी इस घटना से हतप्रभ रह गए। बुजुर्ग ने तुरंत ही रिवाल्वर जेब में वापस रख ली। बाद में आसपास के लोगों ने उनसे इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि मुझे मारने आएगा तो क्या मैं छोड़ दूंगा।
मोबाइल छीनने की कोशिश
बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मी पर रिवाल्वर तानने वाले रिटायर्ड फौजी हैं। वे नगर निगम में किसी व्यक्तिगत काम से आए थे। उन्होंने घटना का वीडियो बना रहे लोगों से मोबाइल छीनने का प्रयास भी किया। इस बारे में एमजी रोड थाना प्रभारी विजय सिंह सिसोदिया ने बताया कि मामले में निगम की तरफ से शिकायत मिली है। हम वीडियो की जांच कर रहे हैं।

