
- इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर जिले में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुरू की।
- छह साल बाद भी नियमों के उल्लंघन के फूट रहे फटाखे
- 50 से अधिक फैक्ट्री, गोदाम और दुकानों की हुई जांच
- 16 गोदाम और 8 फैक्ट्रियां प्रशासन ने की सील
हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुए विस्फोट के बाद प्रशासन ने इंदौर जिले में भी पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच शुरू की है। ऐसा ही हादसा छह साल पहले इंदौर में रानीपुरा क्षेत्र में हुआ था। इसके बाद नियमित निगरानी की बात कही गई थी, लेकिन अब भी नियमों के उल्लंघन के पटाखे फूट रहे हैं। जिला प्रशासन ने नियमों की उल्लंघन को लेकर 16 गोदाम और 8 फैक्ट्रियों को सील किया है।
भंडारण का लाइसेंस लेकर गोदाम में पटाखों का निर्माण
महू क्षेत्र के ग्राम हरसोला में भंडारण का लाइसेंस लेकर गोदाम में पटाखों का निर्माण किया जा रहा है। कहीं पर क्षमता से अधिक भंडारण है, तो कही सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हो रहा है। जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण नियमों को धता बताते हुए पटाखों का भंडारण और निर्माण कार्य जारी है।
कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर जांच
कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर जिले में पटाखा फैक्ट्रियों और गोदामों की जांच बुधवार को पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुरू की। 50 से अधिक गोदाम, फैक्ट्रियों और दुकानों की जांच की गई। महू एसडीएम विनोद राठौर ने बताया कि ग्राम हरसोला में ओम सांई बाबा एजेंसी के नाम से भंडारण का लाइसेंस लेकर गोदाम में पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। कच्चा माल मंगवाकर पैकिंग करने पर प्रोपराइटर जयप्रकाश सुखरानी के खिलाफ किशनगंज थाने में एफआइआर दर्ज कराई जा रही है।
क्षमता से अधिक भंडारण मिलने पर सील
विजय ट्रेडर्स प्रोपराइटर भारत भजनलाल हरसोला, राजकुमार ईश्वरदास ग्राम सिमरोल और वल्लभदास वीरूमल ग्राम घोसीखेड़ा की दुकान में क्षमता से अधिक भंडारण मिलने पर सील किया गया। कृति फायर वर्क्स प्रोपराइटर जितेंद्र पंवार, ओम साई एजेंसी प्रोपराइटर गिरीश मधुकर, शुभम एजेंसी ने स्वीकृत ड्राइंग से अधिक निर्माण कर लिया। इनका लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा रही है।
वेल्डिंग की दुकान के पास गोदाम
राऊ एसडीएम राकेश पंवार ने बताया कि 11 गोदामों की जांच की गई। राऊ के बारी क्षेत्र में पटाखा गोदाम के पास वेल्डिंग की दुकान संचालित हो रही थी। इस वजह से इस गोदाम को सील किया गया, वहीं सतनाम फायर वर्कस ने गोदाम में पटाखों का जखीरा भर रखा था। गोदाम में आगे भंगार भरकर पीछे पटाखे भर रखे थे।
यहां भी हुई कार्रवाई
बिचौली हप्सी की एसडीएम कल्याणी पांडे ने बताया कि क्षेत्र में पटाखे भंडारण के 14 गोदामों की जांच की। विस्फोटक नियमों का पालन न किए जाने पर पांच गोदामों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इनमें कैलाद करताल के तीन तथा मौरोद नगर के दो गोदाम सील किये गये। हातोद में भी पांच गोदामों पर कार्रवाई की गई।

