
उज्जैन में गुरुवार सुबह सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा उखाड़कर तोड़फोड़ करने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। एक पक्ष के लोगों ने ट्रैक्टर चढ़ाकर प्रतिमा गिरा दी। इसके बाद रॉड और पत्थर मारकर प्रतिमा में तोड़फोड़ की। इससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया। दोनों पक्षों में पथराव और लाठियां चलीं। भीड़ ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। कुछ गाड़ियों में आग लगा दी। कई दुकानों में भी पथराव किया है। घटना उज्जैन के माकड़ोन की है। उज्जैन और तराना से भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दोनों पक्षों को पुलिस ने समझाकर शांत कराया।
पूरा मामला: ऐसे शुरू हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, माकड़ोन मंडी गेट और बस स्टैंड के पास जमीन खाली पड़ी है। भीम आर्मी चाहती है कि यहां डॉ. आंबेडकर की मूर्ति लगे। वहीं पाटीदार समाज के लोग सरदार पटेल की मूर्ति लगाने की मांग करते आ रहे हैं। मामला पंचायत में विचाराधीन है। बुधवार रात किसी ने इस जमीन पर सरदार पटेल की मूर्ति स्थापित कर दी। दूसरे पक्ष के लोगों को इसका पता चला तो वे सुबह हंगामा शुरू हो गया। मूर्ति गिरा दी। इस बात पर दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए।
