
राजमहल कालोनी में गुरुवार सुबह डकैती की कोशिश हुई। हाथ में पिस्टल लेकर छह बदमाश प्रापर्टी ब्रोकर के घर में घुस गए। बदमाशों ने 68 वर्षीय वृद्धा का सलवार से गला घोंटा और पीठ पर चढ़कर बैठ गए। पुलिस को आरोपितों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। संदेही कार के आधार पर तलाश जारी है।
जूनी इंदौर थाना पुलिस के मुताबिक, सनसनीखेज घटना सुबह करीब सात बजे की है। 70 वर्षीय गोविंदसिंह टूटेजा प्रतिदिन की घर से 25 फीट दूर स्थित बगीचे में टहलने गए थे। बेटा हरमीत उर्फ प्रिंस टूटेजा प्रथम मंजिल पर सो रहा था। पत्नी मनजीत कौर गुरुद्वारा जाने की तैयारी कर रही थी। तभी बदमाश दनदनाते हुए घर में घुस गए। मनजीत कुछ बोलती इसके पूर्व बदमाश ने चुप रहने की हिदायत दी। बदमाशों के हाथों में पिस्टलें भी थीं। उन्होंने हॉल में पड़ी सलवार से मनजीत का गला दबाया और पलंग पर उल्टे लेटाकर एक बदमाश को पीठ पर बैठा दिया। बदमाशों ने पलंग पेटी और वार्डरोब की तलाशी ली और फरार हो गए।
राजमहल कालोनी के इस मकान में घुसे थे हथियारबंद बदमाश।
श्वान के आते ही बोले भाग जाओ
मनजीत ने पुलिस को बताया कि सरदार गोविंदसिंह टूटेजा प्रापर्टी खरीदने-बेचने का व्यवसाय करते हैं। उनके साथ श्वान भी टहलने जाता है। बदमाश जब घर की तलाशी ले रहे थे तो श्वान टूटेजा को छोड़कर घर में आ गया। बदमाशों ने जैसे ही उसे देखा एक साथी बोला भाग जाओ। पुलिस के मुताबिक, बदमाश टूटेजा को देखकर ही घर में घुसे थे। दो साथी बाहर रैकी कर रहे थे। एक कार दिखी है जो करीब आधा घंटे पहले आई थी। बाद में यह कार वाइन शॉप के पास चली गई।
कई बिंदुओं पर जांच कर रही पुलिस
टीआइ शैलेंद्रसिंह जादौन के मुताबिक, टूटेजा का बेटा प्रिंस पहले विजय नगर में हुक्का बार और क्लब संचालित करता था। बाद में उसने गोवा में केसिनो भी खोला। कुछ समय पूर्व तक मुंबई में प्रापर्टी का व्यवसाय किया। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

