
- राहगीरों ने एक युवक को पकड़ा जो स्वयं को मंत्री का रिश्तेदार बता रहा था।
इंदौर। विजय नगर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में जिप्सी चालक ने कई लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया। अनियंत्रित जिप्सी टक्कर मारते हुए एक पेड़ से टकरा कर रुकी। जिप्सी में बैठी लड़कियों को शराब की बोलतें लेकर भागते हुए देखा गया। राहगीरों ने एक युवक को पकड़ा जो स्वयं को मंत्री का रिश्तेदार बता रहा था।विजय नगर पुलिस के मुताबिक घटना सोमवार शाम स्कीम-54 में गोल्डन गेट होटल और अटल खेल परिसर के समीप की है। जिप्सी (एमपी 09बीसी 9938) का चालक तेज रफ्तार में जिप्सी लेकर आया और जो सामने आया उसे टक्कर मारता गया। जिप्सी ने स्कूटर (एमपी 41जेडडी 7048) को टक्कर मारी जो क्षतिग्रस्त हो गई। चालक व उसकी पत्नी को चोट भी आई। इसके बाद एक आइ-20 कार को भी टक्कर मारी।
जिप्सी का चालक नियंत्रण नहीं कर पाया और एक पेड़ से जा टकराया। टक्कर मारने की घटना के बाद लोगों ने पीछा भी करना शुरू कर दिया था। जैसे ही जिप्सी रुकी चालक को लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी जमकर पिटाई की। जिप्सी में उस वक्त लड़कियां भी बैठी थी जो शराब की बोतलें लेकर भागी।
