
- पूर्व में हुई एटीएम तोड़फोड़ की घटनाओं में पुलिस आरोपितों से कर रही पूछताछ।
गांधीनगर थाना में पकड़े गए बदमाश शातिर चोर निकले। आरोपित चौकीदार की टापरी में ठहरते थे। दिनभर नशा कर सोते और रात में चोरी करने निकल जाते। पुलिस ने लाखों रुपये कीमती 60 मोबाइल, इयरफोन, एसेसीरीज जब्त की है। पूर्व में हुई एटीएम तोड़फोड़ की घटनाओं में आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
डीसीपी जोन-1 आदित्य मिश्रा के मुताबिक, आरोपित आकाश बघेल निवासी पंचायत क्षेत्र गांधीनगर, विष्णु कटारे निवासी बड़ा बांगड़दा, विष्णु डाबर निवासी बेका सिमरोल, बंटी उर्फ युवराज रावत निवासी खेड़ा पजारिया, इमरान मंसूरी निवासी रसलपूर देवास और बबलू कुंडलिया निवासी रसलपुर बावड़िया देवास है।
पुलिस ने तलाशी ली तो आइफोन मिला
एसीपी (गांधीनगर) रुबिना मिजवानी के मुताबिक, पांच दिन पूर्व रात्रि गश्त के दौरान गांधीनगर टीआइ अनिल यादव ने आकाश और विष्णु को संदिग्ध अवस्था में देखा। तलाशी लेने पर जेब से नया आइफोन निकला। पूछा तो कहा कि उसे यह फोन पड़ा मिला है। जवान ने इस दौरान दोनों के फोटो खींच लिए। टीआइ को पंचशील मल्टी में रहना बताया और दोनों आरोपित चले गए। टीआइ ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि आरोपित गांधीनगर क्षेत्र में चौकीदार रतन के पास टापरी में रहते हैं। जवानों ने बुधवार को छापा मारकर छह लोगों को पकड़ लिया।
एटीएम में तोड़फोड़ के मामले में पूछताछ
आरोपितों ने पूछताछ में बताया कि वे दिन में आराम करते थे। रात में सुने घर, दुकान में चोरी कर लेते थे। आरोपित चौकीदार का रिश्तेदार बनकर रुकते थे। पुलिस द्वारा पूछताछ करने में कैटरिंग का काम करना बताकर निकल जाते थे। एसीपी के मुताबिक, एक आरोपित एटीएम में चोरी करने के मामले में शामिल था। पुलिस क्षेत्र में एटीएम में हुई घटनाओं के बारे में जानकारी जुटा रही है।

