
- थर्टी फर्स्ट पर अलर्ट, पब और होटल संचालकों पर सख्ती, बायपास के फार्म हाउस पर विशेष नजर।
- नए साल की जोर-शोर से तैयारी चल रही है। पार्टी के शौकीनों के लिए होटल-पब सजना शुरू हो गए हैं।
- आयोजकों पर शिकंजा कस रखा है। बैठकें कर नियम कायदे समझाए जा रहे हैं।
- विवादित आर्टिस्ट के लिए थाना प्रभारी का अभिमत जरूरी कर दिया है।
इंदौर। नए साल की जोर-शोर से तैयारी चल रही है। पार्टी के शौकीनों के लिए होटल-पब सजना शुरू हो गए हैं। इससे भी ज्यादा तैयारी पुलिस ने की है। आयोजकों पर शिकंजा कस रखा है। बैठकें कर नियम कायदे समझाए जा रहे हैं। उन आर्टिस्ट की सूची मांगी है जिन्हें पार्टी में बुलाया जा रहा है। विवादित आर्टिस्ट के लिए थाना प्रभारी का अभिमत जरूरी कर दिया है।
डीसीपी जोन-2 अभिषेक आनंद ने मंगलवार को शहर के सभी पब-बार, होटल और रेस्त्रां संचालकों को बुलाकर बैठक ली। उन्हें बताया कि पार्टी करें लेकिन कानून व्यवस्था का खयाल रखें। रात 11.30 बजे बाद नए ग्राहकों की एंट्री बंद कर दें और 12 बजे आयोजन बंद कर सवा 12 बजे पार्किंग भी खाली करवा दें। गुरुवार को सभी आयोजकों से कहा कि पार्टी का आयोजन करने के पहले पुलिस से अनुमति जरूर लें। पार्टी में कौन आर्टिस्ट आ रहा है इसका उल्लेख करें।
कई बार विवादित आर्टिस्ट आ जाते हैं। उनके कारण कानून व्यवस्था गड़बड़ा जाती है। कुछ संगठन भी विरोध प्रदर्शन शुरु कर देते है। ऐसे आर्टिस्ट के लिए थाना प्रभारी और एसीपी से जांच करवा कर अभिमत लिया जाएगा। थाना प्रभारी की रिपोर्ट के बाद भी अनुमति जारी होगी। डीसीपी के मुताबिक यूं तो प्रत्येक आयोजन के लिए अनुमति जरूरी रहती है, लेकिन विवाद की स्थिति निर्मित न हो इसलिए आयोजकों से आर्टिस्ट की जानकारी ली जा रही है। ऐसी स्थिति में सशर्त अनुमति दी जाएगी।
तीन सवारी और शराबियों का हवालात में मनेगा नववर्ष
एडिशनल डीसीपी जोन-2 अमरेंद्रसिंह के मुताबिक अलग-अलग स्तर पर तैयारियां की गई है। बायपास से लिए एफआरवी, बीट और थाना मोबाइल को तैनात किया है। यहां फार्म हाउस, क्लब, टाउनशिप के गार्डन में भी आयोजन होते हैं। नशाखोरी, छेड़छाड़ जैसी घटनाएं न हो इसके लिए टीमें भ्रमण करती रहेगी। बीआरटीएस पर कैफे, होटल, रेस्त्रां पर भीड़ एकत्र नहीं होने देंगे। चौराहों पर ब्रीद एनालाइडर, स्पीड गवर्नर से जांच होगी। नशे की अवस्था में वाहन चलाते पाए तो गाड़ी जब्त कर लेंगे।
