
कर्मचारियों ने कार हटाने का बोला तो धमकाया, मोबाइल भी छीनकर ले गया आरोपित। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ा।
देवास नाका स्थित लक्ष्मी पेट्रोल पंप पर रात साढ़े बारह बजे की घटना। कार में दो पुरुष-दो महिलाएं थी सवार।
कार सवार को गाड़ी साइड में लगाने का बोला तो उसने पंपकर्मी की कनपटी पर पिस्टल रखी और धमकाया।
आरोपित ने एक पंपकर्मी का मोबाइल छीन लिया। कहा- तूने वीडियो रिकार्डिंग की है। उसके ईयर बग भी छीन लिए।
इंदौर। शनिवार रात पेट्रोल पंप पर कार सवार युवक ने जमकर गुंडागर्दी की। पंपकर्मी पर पिस्टल तानी और हवा में फायर कर दिए। आरोपित ने एक कर्मचारी से मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कार नंबर के आधार पर आरोपित को निपानिया से पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपित इंजीनियर है।
घटना लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित देवास नाका पर लक्ष्मी पेट्रोल पंप की है। संचालक रुधिर वाहवा के मुताबिक, रात करीब साढ़े 12 बजे लाल रंग की कार (एमपी 09 सीजेड 1918) पंप पर आकर रुकी। कार में दो पुरुष और दो महिलाएं थी। पंप पर उस वक्त रामनिवास, सुभाष सारश्वत, राजू भदौरिया और राकेश भास्कर ड्यूटी पर थे। दोपहिया वाहनों में पेट्रोल भरवाने वाले ग्राहक भी मौजूद थे।
घटना स्थल पर पड़ा चलाई गई गोली का खोल ।
पंपकर्मी की कनपटी पर रखी पिस्टल
सीएनजी पंप का रास्ता ब्लाक करने पर पंपकर्मी ब्रजेश राठौर और राकेश भास्कर ने कार दूसरी तरफ करने के लिए कहा। इतने में कार से एक युवक उतरा और गालियां देते हुए पिस्टल निकाली। उसने राकेश की कनपटी पर पिस्टल तानी और धमकाते हुए बोला अब बता कार कहां खड़ी करना है। कर्मचारियों ने हाथ-पैर जोड़े, लेकिन कार चालक ने गुंडागर्दी करते हुए हवा में गोली चलाई। एक खोल नीचे भी गिर गया।
कर्मचारी थाने पहुंचे और कार नंबर बताए
आरोपित परिसर में बने कैबिन में घुसा और कर्मचारी शिवम से मोबाइल फोन छीन लिया। उससे कहा कि तूने वीडियो रिकार्डिंग की है। वीडियो डिलीट करने का बोला और फोन और ईयर बग छीन लिए। आरोपितों के साथ आई युवतियां बचाने का प्रयास कर रही थी। कार चालक के साथ एक और कार चल रही थी। उसमें से एक युवक उतरा और मोबाइल लौटा दिया। आरोपितों के जाने के बाद कर्मचारी थाने पहुंचे और कार नंबर बताए। पुलिस ने रात में ही घेराबंदी की और निपानिया क्षेत्र से आशुतोष मल्होत्रा को पकड़ लिया। आशुतोष झाबुआ में पदस्थ इंजीनियर बताया गया है।

