
- महापौर और विधायक ने मुख्य बाजारों में पैदल घूमकर दी समझाइश, कार्रवाई जारी रहेगी।
- आचार संहित हटते ही फुटपाथ और सड़कों पर किए जा रहे कब्जों के खिलाफ महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक गोलू शुक्ला सड़क पर उतरे।
- राजवाड़ा और आसपास के मुख्य बाजारों में पैदल घूमकर दुकान के बाहर और सडक किनारे सामान रखकर विक्रय करने वालों को समझाइश दी।
- नगर निगम के अमले ने सीतलामाता बाजार, बजाज खाना चौक सहित कई स्थानों पर कार्रवाई भी की।
इंदौर। आचार संहित हटते ही फुटपाथ और सड़कों पर किए जा रहे कब्जों के खिलाफ महापौर पुष्यमित्र भार्गव और विधायक गोलू शुक्ला सड़क पर उतरे। उन्होंने राजवाड़ा और आसपास के मुख्य बाजारों में पैदल घूमकर दुकान के बाहर और सडक किनारे सामान रखकर विक्रय करने वालों को समझाइश दी।
फुटपाथ और सड़क पर कब्जा करने वाले दुकानदारों से अपील की कि सामान दुकान के भीतर रखकर ही विक्रय करें अन्यथा नगर निगम सामान जब्ती के साथ अन्य आवश्यक कार्रवाई करेगा। इसके बाद नगर निगम के अमले ने सीतलामाता बाजार, बजाज खाना चौक सहित कई स्थानों पर कार्रवाई भी की। कुछ जगह व्यापारियों ने कार्रवाई का विरोध भी किया।
मालूम हो कि नईदुनिया ने इस संबंध में लगातार खबरें प्रकाशित की थीं। महापौर ने निरीक्षण की शुरुआत राजवाड़ा से की। यहां उन्होंने रेहडी व फुटपाथ पर सामान रखकर विक्रय करने वालों को समझाइश देते हुए कहा कि यातायात को बेहतर बनाने और आने-जाने वालों के आवागमन को देखते हुए नगर निगम मुहिम चलाएगा। इसकी शुरुआत समझाइश के साथ हो रही है।
इसके बाद भी अगर दुकानदारों ने सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर सामान बेचना बंद नहीं किया तो रिमूवल विभाग कार्रवाई करेगा। महापौर ने यहां सिटी बस संचालन को लेकर भी निर्देश दिए कि निर्धारित समय और स्थान से ही बसें संचालित की जाएं। सिटी बसों को यहां-वहां खड़ा न करें।
दुकानदारों से हाथ जोड़कर की अपील
महापौर, विधायक और राजस्व समिति प्रभारी ने व्यापारियों से हाथ जोडकर अपील की कि वे अपना व्यवसाय दुकान परिसर में ही करें। अगर ऐसा करेंगे तो शहर के यातायात में सुधार होगा और आमजन को सुविधा मिलेगी। पैदल चलने वालों को आने-जाने के लिए जगह मिल सकेगी। व्यापारियों से यह अपील भी की गई कि वे दुकानों के बाहर वाहन खड़ा न करते हुए उसे निर्धारित पार्किग स्थल पर ही खड़ा करें।महापौर राजवाड़ा से गोपाल मंदिर वाली गली, अटाला बाजार, गोराकुंड चौराहा, खजूरी बाजार, इमामबाडा, गोपाल मंदिर के पीछे, बर्तन बाजार, सीतलामाता बाजार, बजाजखाना चौक, मारोठिया बाजार, कपडा मार्केट और आसपास के अन्य मुख्य बाजार भी पहुंचे। मौके पर ही अपर आयुक्त और रिमूवल विभाग की टीम को निर्देशित किया गया कि समझाइश के बावजूद अगर फुटपाथ पर सामान रखकर व्यापार करना बंद नहीं होता है तो सामान जब्त करते हुए कठोर कार्रवाई की जाए। महापौर के साथ राजस्व समिति प्रभारी निरंजनसिंह चौहान, क्षेत्रीय पार्षद, अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा, मनोज पाठक, नगर निगम रिमूवल विभाग की टीम भी सड़क पर उतरी।
