
- रहवासियों ने बताया- हत्या करने वाला युवक रोज युवती से मिलने आता था, लेकिन घटना के बाद से आना बंद कर दिया।
इंदौर। रावजी बाजार थाना क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस को सोमवार को सुराग मिल गया है। किराए का कमरा दिलवाने वाले युवक ने ही वारदात की थी। नौ दिसंबर को जबरन कालोनी में निकिता प्रजापत मूल निवासी सागर का खून सना शव मिला था। गले पर कैंची मारकर उसकी हत्या की गई थी।निकिता कुछ दिन पहले ही यहां रहने आई थी, लेकिन दो दिन से कमरे से बदबू आने पर रहवासियों ने पुलिस को सूचना दी थी। युवती को जिस युवक ने कमरा दिलवाया था, वह एक कंपनी में कार्यरत है। आशंका है कि महिला के कथित प्रेमी का इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कुछ रहवासियों ने बताया कि हत्या करने वाला युवक रोज महिला से मिलने आता था, लेकिन घटना के बाद से उसने आना बंद कर दिया था। इससे पुलिस का शक बढ़ गया। पुलिस ने आरोपित को पकड़ने के लिए टीम गठित की है।
