
इंदौर | हत्या के मामले में 14 साल का आजीवन कारावास काटकर 15 अगस्त पर रिहा हुए एक बदमाश का वीडियो वायरल हुआ है। वह जेल परिसर से लग्जरी कारों के साथ एक गैंगस्टर की तर्ज पर निकलता दिख रहा है। वीडियो में उसके साथ शहर के कई बड़े बदमाश व सट्टेबाज दिख रहे हैं जो मालाएं पहनाकर स्वागत कर रहे हैं। जेल परिसर में बने इस वीडियो के बाद जेल प्रबंधन पर भी सवाल उठ रहे हैं।
वायरल हुआ वीडियो गुंडे शैलेंद्र उर्फ शैलू जायसवाल का है। जेल अधीक्षक अलका सोनकर ने बताया शैलू ने सजा पूरी कर ली थी। अच्छा आचरण देख उसकी 6 माह की सजा कम कर दी गई थी 15 अगस्त को 20 कैदियों को रिहा किया था, उसमें 7 वें नंबर पर इसका नाम था। हालांकि, गाड़ियों के काफिले से ये जिस स्थान से निकलता दिख रहा है, उस सीमा तक हर सामान्य व्यक्ति की गाड़ी आ सकती है। अशोक स्तंभ गेट तक कोई नहीं आ सकता। ये बाहर की घटना है, इससे हमारा लेना-देना नहीं।
