
विदिशा में रक्षा गोस्वामी और उनके पिता धीरेंद्र गोस्वामी के आत्महत्या के मामले में आज अखिल भारतीय दशनाम गोस्वामी समाज के प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। ये मुलाकात समाज के संरक्षक एवं इंदौर से सांसद शंकर लालवानी ने करवाई
इस प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सामने विस्तार से पक्ष रखा और पुत्री तथा पिता को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाले आरोपियों खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही, समाजजनों की नाराजगी पुलिस के रवैये को लेकर भी थी जिस पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता भी की है और पीड़ित परिवार के जीर्ण-शीर्ण मकान को बनाने एवं परिवार के बेटे को रोजगार के लिए मदद करने के निर्देश भी दिए हैं
सांसद शंकर लालवानी ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री जी ने इस विषय को गंभीरतापूर्वक सुना है और परिवार को राहत दी है तथा दोषियों के खिलाफ बेहद कथिर कार्रवाई का भरोसा दिलवाया है। माननीय मुख्यमंत्री जी से सोमवार को इंदौर में भी इस विषय में मुलाकात हुई थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री जी ने भोपाल में मुलाकात करने के लिए कहा था जिसके बाद आज विधानसभा सत्र की व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने समय दिया।
प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय दशनाम गोस्वामी समाज की युवा शाखा के प्रदेश अध्यक्ष कमल पुरी गोस्वामी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश गोस्वामी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष योगेंद्र पुरी, भरत गोस्वामी, सुरेंद्र पुरी तथा प्रदेश महासचिव दशरथ गिरी उपस्थित थे।

