
बाइक पर जा रहा था कैफे संचालक, बदमाश ने पीछे से किया हमला, बजरंग दल से जुड़ा है घायल।
राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने बाइक से जा रहे कैफे संचालक को पीछे से कैंची मारकर घायल कर दिया। कैंची पीठ में रीढ़ की हड्डी के पास फंस गई। कैफे संचालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक घंटे चले आपरेशन के बाद कैंची निकाली। घटना सोमवार रात की है। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि कैफे संचालक बजरंग दल से जुड़ा है।
कैफे संचालक मयंक मेहता बाइक पर राजेंद्र नगर ब्रिज से गुजर रहा था। इस दौरान किसी बदमाश ने पीछे से हमला कर पीठ में कैंची मार दी। कैंची रीढ़ की हड्डी के पास जाकर फंस गई। हमले के बाद मयंक सड़क पर गिर गया। इस दौरान हमलावर भाग गया। मयंक ने अपने भाई को फोन लगाकर मौके पर बुलाया। इसके बाद अस्तपाल पहुंचने पर कैंची को निकाला गया। हमलावर का पता नहीं चल सका। बताया जा रहा है कि हमलावर बिना नंबर की बाइक से आया था।
बजरंग दल से जुड़ा है कैफे संचालक
बताया जा रहा है कैफे संचालक मयंक बजरंग दल से जुड़ा है और द्रविड़ नगर में उसका कैफे है। हमले की सूचना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता अस्पताल पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाश की तलाश कर रही है।
