
राऊ-रंगवासा में फाइबर कारखाना में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि बुझाने के लिए इंदौर सहित महू, पीथमपुर से भी दमकलकर्मी व निगमकर्मियों को बुलाना पड़ा। केमिकल और फायबर होने के कारण आग बुझाने में मुशक्कत करना पड़ी। आग लगने के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।एसआइ (फायर) एसएन दुबे के मुताबिक, बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे एस इंजीनियरिंग एंड केमिकल कारखाना (रंगवासा) में आग लगने की सूचना मिली थी। कारखाना में ट्रक के पार्ट्स और अन्य सामग्री बनाई जाती है। कारखाना में फाइबर सामग्री और केमिकल होने के कारण लपटें दूर तक जा रही थी।
आग फैलने के डर से गोशाला से गायों को निकाला
जिस कारखाना में आग लगी, उसके पास में ही मसाला फैक्ट्री व गोशाला है। आग बढ़ने के डर से गायों को गोशाला से निकाला गया। एसआइ के मुताबिक, मोती तबेला, लक्ष्मीनगर और जीएनटी मार्केट के साथ-साथ महू व पीथमपुर से भी फायरकर्मियों व निगमकर्मियों को बुलाया गया था। 50 से ज्यादा फायरकर्मी रातभर आग बुझाने में जुटे रहे। इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
