
मुंबई की युवती के प्रेम प्रसंग में बाणगंगा क्षेत्र के रहने वाले युवक ने मंगलवार रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक और युवती ने 18 मई को कोर्ट मैरिज की थी, लेकिन बाद में युवती पलट गई और उसके खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज करवा दिया।
आत्महत्या से पहले मृतक राहुल ने सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर युवती और अपने भाई को भेजा है। जिसमें वह युवती के छोड़ जाने की बात से खुद को आहत होना बता रहा है। सुसाइड का कारण युवती के स्वजनों को बता रहा है।
बाणगंगा पुलिस के अनुसार राहुल चांदेकर निवासी मारुति नगर ने अपने ही घर में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना स्थल से मोबाइल में सुसाइड नोट और मरने से पहले बनाया गया वीडियो भी बरामद हुआ है। फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कर स्वजनों को सौंप दिया है।
दोस्त पुष्पेंद्र ने बताया कि राहुल ने कुछ समय पहले ही कहा था कि एक जून के पहले मैं मर जाऊंगा। उसने लड़की के कारण ही यह कदम उठाया है। वह मुंबई की रहने वाली है और पिछले आठ सालों से राहुल से बात कर रही थी। परिवार के लोग पास में शादी में गए थे, राहुल भी वहीं से घर आया था।
यह लिखा सुसाइड नोट में
मेरा नाम राहुल चांदेकर में अपने होश में ये एसएमएस लिख रहा हूं कि मैंने 18 मई को को श्वेता सोनवणे से शादी की थी, लेकिन उसी दिन शाम को श्वेता के माता-पिता उसे साथ ले गए। मेरी उससे बात भी नहीं करवा रहे हैं। श्वेता मेरे साथ रहना चाहती है, लेकिन उसके घर वाले साथ नहीं रहने दे रहे हैं। मैं उसके बिना एक पल भी नहीं रह पा रहा हूं। इसलिए मैं सुसाइड कर रहा हूं। मैं जीना तो बहुत चाहता था पर मजबूर हो गया हूं श्वेता के लिए। आज मेरी मौत की वजह उसकी फैमिली है। मेरी आत्मा को तेरे जीते जी शांति नहीं मिलेगी, मैं तेरा ऊपर इंतजार करूंगा। तेरे मेरा प्यार कभी अधूरा नहीं रहेगा श्वेता। तू पलट गई श्वेता तूने मेरा विश्वास तोड़ा है। मम्मी,आजी, बाबा, दीदू मुझे माफ कर देना तुम्हारा राहुल कमजोर नहीं था पर एक प्यार ने कमजोर कर दिया।

