
महाराष्ट्र में राजनीतिक में आज भी गहमागहमी देखने को मिल सकती है. भाजपा की आज एक बैठक होनी है. इसमें भाजपा के सहयोगी दल शामिल होंगे. बीजेपी नेता व पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के साथ राज्य के मौजूदा हालात पर चर्चा करेंगे. वहीं, शिवसेना ने कार्यकर्ताओं के साथ संपर्क बढ़ा दिया है. सीएम उद्धव ठाकरे ने आज दोपहर 1 बजे सेना भवन में सेना की सभी राष्ट्रीय कार्यकारिणियों की बैठक बुलाई है. वे वीसी के जरिए इस बैठक की अध्यक्षता करेंगे. वहीं आदित्य ठाकरे आज शाम 6:30 बजे मरीन लाइंस में बिरला मातोश्री सभागार में एक जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद आदित्य रविवार सुबह 11 बजे सांताक्रूज में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. इस सभाओं में सभी युवा शिवसैनिकों को शामिल होने के लिए कहा गया है.
बालासाहेब के नाम पर नई पार्टी बना सकता है शिंदे गुट
शिवसेना के बागी विधायक दीपक केसरकर ने कहा है कि शिंदे गुट बालासाहेब ठाकरे के नाम पर नई पार्टी बना सकता है. उन्होंने कहा है कि पार्टी का नाम शिवसेना (बालासाहेब) हो सकता है. बात दें कि आज शाम करीब चार बजे शिंदे गुट गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस करने वाली है. हो सकता है इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस बारे में जानकारी दी जा सकती है.
शिवसेना पार्टी को खत्म करने की योजना बना रही है एनसीपी: शिवसेना विधायक
शिवसेना के कोरेगांव सतारा के बागी विधायक ने कहा है कि एनसीपी शिवसेना पार्टी को खत्म करने की योजना बना रही है. हम सभी शिवसेना विधायकों ने बार-बार मुख्यमंत्री से एनसीपी विधायकों की शिकायत की लेकिन सब व्यर्थ रहा. उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई. उन्होंने कहा कि शिवसेना के सभी विधायकों ने एकनाथ शिंदे से केवल शिवसेना और दिवंगत शिवसेना प्रमुख बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को बचाने के लिए यह स्टैंड लेने का आग्रह किया था. हमने उनसे कांग्रेस और राकांपा के खिलाफ मोर्चा संभालने को कहा, जिनके खिलाफ हमलोगों ने जीवन भर संघर्ष किया है.
संजय राउत के बयान पर अमरावती की सांसद नवनीत राणा भड़कीं
संजय राउत के बयान पर अमरावती की सांसद नवनीत राना भड़क गईं. उन्होंने कहा कि जो शिवसेना विधायक एकनाथ शिंदे गुट में गए हैं, उनके घर परिवार वालों सुरक्षा नहीं है, इसका मतलब क्या है? उन्होंने कहा कि सत्ता लाभ जाते हुए देख संजय रावत और उद्धव ठाकरे की बौखलाहट दिख रही है.
शिवसेना हमेशा ठाकरे की रहेगी, किसी और की नहीं हो सकती: मीना कांबले
शिवसेना की डिप्टी लीडर मीना कांबले का कहना है कि शिवसेना पार्टी हमेशा ठाकरे परिवार की रही है और ये पार्टी किसी और की नहीं हो सकती है. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे आज दोपहर बाद होने वाली बैठक में जो भी फैसला करेंगे, वह अंतिम फैसला होगा.
आदित्य ठाकरे हमारा भविष्य है, हम 60 साल के हो चुके… कब तक राजनीति करेंगे: राउत
Posted by :- om Pratap
संजय राउत ने कहा है कि आदित्य ठाकरे पार्टी के भविष्य ्हैं. राउत ने कहा कि अब हमारी उम्र हो चुकी है, कब तक हम राजनीति करते रहेंगे. उन्होंने ये भी कहा है कि मोदी, शाह और भाजपा के लोगों से आज भी अच्छी दोस्ती है, लेकिन हम किसी और के साथ सरकार चला रहे हैं. पांच साल पूरे होने दीजिए, बाद में देखेंगे कि महाराष्ट्र की जनता क्या चाहती है.
बीजेपी नेता फडणवीस से बोले संजय राउत- आप इस झमेले में मत पड़ो वरना…
शिवसेना के सीनियर नेता संजय राउत ने कहा है कि देवेंद्र फडणवीस से आग्रह है कि वे इस झमेले से दूर रहें. उन्होंने कहा कि देवेंद्र फडणवीस एक बार धोखा खा चुके हैं, हमारे मन में उनके लिए सम्मान है लेकिन उनसे बस यही कहना है कि अगर आप इस झमेले में पड़ेंगे तो ये सम्मान खो देंगे.
संजय राउत ने कहा- ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता जाएगी
शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने कहा है कि असली शिवसेना ठाकरे के पास है. जिस नेता ने आपको सबकुछ दिया है, उसकी तबीयत खराब है, आप उसके साथ खड़े होने के बजाए आप पीठ में छुरा भोंक कर चले जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि पार्टी में एक ही बॉस है जिसका नाम ठाकरे है. संजय राउत ने ये भी कहा कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता जाएगी.
भाजपा की बैठक थोड़ी देर में होगी शुरू, फडणवीस के आवास पर पहुंचे रामदास आठवले
महाराष्ट्र के राजनीति घटनाक्रम पर भाजपा की नजर बनी हुई है. ताजा घटनाक्रम पर चर्चा के लिए भाजपा के सहयोगी रामदास आठवले पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आवास पर पहुंचे हैं. थोड़ी देर में दोनों नेताओं के बीच बातचीत शुरू होगी
शिवसेना के कार्यकर्ता शांत हैं, सड़कों पर उतरे तो आग लग जाएगी: संजय राउत
शिवसेना के राज्यसभा सासंद संजय राउत ने कहा है कि शिवसेना के किसी भी विधायक की सुरक्षा वापस नहीं ली गई है. शिंदे कैंप के विधायक अभी महाराष्ट्र से बाहर हैं, जब वे आएंगे तो उनसे बातचीत की जाएगी. राउत ने कहा कि हमें भरोसा है कि महाराष्ट्र लौटने के बाद सभी बागी विधायक हमारे कैंप में आ जाएंगे. राउत ने ये भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से शिवसेना के कार्यकर्ताओं में उबाल है. फिलहाल कार्यकर्ता अपने घरों में हैं लेकिन अगर वे सड़कों पर उतर गए तो फिर आग लग जाएगी.

