
ग्वालियर। 29.04.2022। ग्वालियर पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री अमित सांघी,भापुसे के निर्देश पर चिटफंडियों तथा धोखाधड़ी करने वाले बदमाशों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 28.04.2022 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना गोला का मंदिर क्षेत्र में फरियादी महिला के साथ पैसा डबल करने के नाम पर ठगी करने वाले बदमाशों के एक साथी ग्वालियर आया हुआ है और भागने की फिराक में बस स्टेण्ड पर खड़ा हुआ है। उक्त सूचना पर से एसएसपी ग्वालियर द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक शहर-पूर्व/अपराध श्री राजेश डण्डौतिया को थाना बल एवं क्राईम ब्रांच की टीम बनाकर मुखबिर सूचना की तस्दीक करते हुए उक्त आरोपी की गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश के परिपालन नगर पुलिस अधीक्षक मुरार श्री रत्नेश सिंह तोमर एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध श्री विजय भदौरिया के मार्गदर्शन में कार्य करते हुए थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरी0 दामोदर गुप्ता एवं थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरी0 विनय शर्मा द्वारा क्राईम ब्रांच तथा थाना बल की संयुक्त टीम गठित कर मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम ने बस स्टेण्ड पर पहुंचकर देखा तो उक्त आरोपी द्वारा पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया गया जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर फरियादी महिला के साथ ठगी की बारदात करना स्वीकार किया गया। उक्त आरोपी को पुलिस टीम द्वारा थाना गोला का मंदिर के अपराध क्रमांक 243/222 धारा 406,420 भादवि एवं 3(1),3(4) म0प्र0 निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2000 के प्रकरण में गिरफ्तार किया जाकर उसके फरार साथियों तथा ठगी गई रकम के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि दिनांक 19.04.2022 को न्यू रचना नगर निवासी फरियादिया द्वारा थाना गोला का मंदिर में लिखित शिकायत की थी कि आरोपीगणों द्वारा गोल्डन राज लाइफ केयर कंपनी में निवेश कराया जाकर 11 लाख रूपये बोण्ड देने और रूपये वापस न करते हुए धोखाधड़ी करने की शिकायत की थी। फरियादिया की शिकायत पर से थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा उक्त आरोपियों के विरूद्ध धारा 406,420 भादवि एवं 3(1),3(4) म0प्र0 निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम 2000 का प्रकरण पंजीबद्ध किया जाकर उक्त आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
सराहनीय भूमिकाः उक्त आरोपी को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरी0 दामोदर गुप्ता, थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरी0 विनय शर्मा, गोला का मंदिर टीम से- उनि आर0पी0 गौतम, आर0 शशिकांत, गिर्राज, क्राईम टीम से प्रआर0 रामबाबू, अनिल गुप्ता, आर0 अभिषेक तोमर, सोनू परिहार की सराहनीय भूमिका रही।

