इंदौर के बिजासन माता मंदिर के पीछे झाड़ियों में अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। गुरुवार अलसुबह एरोड्रम पुलिस को सूचना मिली की बीएसएफ बॉर्डर के समीप किसी युवक की संदिग्ध परिस्थिति में लाश मिली है, जिसके बाद सूचना पर पुलिस पहुंची और शव को बरामद कर जिला अस्पताल भेज दिया गया।
दरअसल इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र के बिजासन माता मंदिर से लगी हुई बीएसएफ की जमीन की बाउंड्री वॉल के पास गुरुवार सुबह बीएसएफ के अधिकारी द्वारा एक शव मिलने की सूचना दी गई, जिसके बाद एरोड्रम थाना पुलिस ने तस्दीक करते हुए, शव को बरामद किया और उसे जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, इस दौरान शव की शिनाख्त के लिए पुलिस ने सर्चिंग शुरू कर दी, जिसमें मृतक कि पहचान इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र के ललित पिता दीपक पाराशर उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है।
इधर सूचना मिलने के बाद जोन क्रमांक 4 के एडिशनल डीसीपी जयवीर सिंह भदोरिया, एसीपी राजीव सिंह भदौरिया और थाना प्रभारी संजय शुक्ला मौके पर पहुंचे, जिन्होंने शव की शिनाख्त करने के साथ ही घटनास्थल का भी मुआयना किया। एडिशनल डीसीपी के अनुसार सभी अधिकारियों को जांच में जुटा दिया गया है। जल्द ही मामले में खुलासा होने की संभावना है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुलासा कर पाएगी कि यह हत्या है या आत्महत्या..फिलहाल शरीर पर पुलिस को कुछ चोट के निशान मिले हैं, पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह चोट के निशान जानवरों की खरोच के प्रतीत हो रहे हैं लेकिन खुलासा पीएम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। गौरतलब है कि यह एरोड्रम थाना क्षेत्र में बीते 4 दिनों में दूसरा प्रकरण है। हालांकि अब क्षेत्र से दूसरा शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई है, पिछले दिनों हुए पवन टेकरी पर युवक की हत्या में पुलिस को अब तक कोई खास सबूत हाथ नहीं लगे हैं। देखना होगा इस मामले में पुलिस कितनी जल्दी कार्रवाई को अंजाम देती है।

